ISSN - 2455-2011
RNI - UPHIN/2017/74803

वक्ती हालातों, ज़ज्बातों और संवेदनाओं को शब्दों के सहारे कविता में पिरोने का सार्थक प्रयास करतीं ‘रूपाली सिन्हा’ की दो कविताएँ …….| – संपादक 

Picture of Writer- Roopali Sinha

Writer- Roopali Sinha

क्रोध का प्रबंधन

प्रबंधन के इस युग में
सिखाया जा रहा है
क्रोध का प्रबंधन भी
ताकि सहनशक्ति बढ़ सके
संवेदनाएँ हो जाएँ कुंद
और सरोकार को
मारा जा सके बेमौत
अशांति के दूत पढ़ा रहे हैं
शांति का पाठ
उनके क्रूर चेहरे
झाँक-झाँक जाते है
उनके आंसुओं के पीछे से
इतिहास की सुनहरी इबारतों को
मिटाने की हो रही हैं पुरज़ोर कोशिशें
ताकि असहमतियों की आवाज़ों को
स्थानांतरित किया जा सके
चुप्पियों से हमेशा के लिए।
उन्हें नहीं पसंद “उच्छृंखलता” या “उद्दंडता”
उन्हें तो भाती है आज्ञाकारिता
जो इस अपेक्षा पर नहीं उतरेंगे खरे
बाग़ी क़रार दिए जाएँगे
या कुछ और…..
इस भयानक समय में
सिखाया जा रहा है क्रोध का प्रबंधन
ताकि आत्मा का सूरज
खो बैठे अपना ताप
हवा में तनी हुई मुट्ठियाँ
पड़ जाएँ ढीली
आँखों में पल रहा सपना
मर जाये धीरे-धीरे
या लगा ले फंदा अचानक।
आजकल
उनके लिए बहुत ज़रूरी हो गया है
सिखाना क्रोध के प्रबंधन का कौशल।

Photo- Ayaan Madaar
Photo- Ayaan Madaar
Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

जब रीत जाते हैं सपने

जब सपने रीत जाते हैं
ज़िन्दगी हो जाती है ख़ाली
अंदर-बाहर होता है
केवल एक शून्य।
सवाल यह है कि
क्यूँ रीत जाते है सपने
युवा आँखों के यूँ अचानक
या धीरे-धीरे ?
क्यूँ मियाद से पहले ही कोई उम्र
छीज जाती है ?
क्यों सपनों से लदा
एक हरा-भरा पेड़
हो जाता है खोखला
और एक दिन
अपनी चुप्पी का ऐलान कर
खामोश हो जाता है
हमेशा के लिए?
सपनो की उपजाऊ ज़मीन
बंज़र क्यों हो जाती है?
क्यों धरती बहुत छोटी लगने लगती है
और ज़िंदगी सँकरी
बहुत सँकरी
विस्तार की तलाश
मृत्यु के वरण में ही
क्यों पूरी होती है अंततः?
अपनी-अपनी चौहद्दियों में
क़ैद हो जाती हैं विचारधाराएँ
और संवादों के सारे पुल
उड़ा दिए जाते हैं
शत्रुता के डायनामाइट से।
क्यों बंद दिखने लगते हैं
मुक्ति का द्वार दिखाने वाले सारे रास्ते?
और तब ढक लेते हैं वे खुद को
अपने ही सपनो की कफ़न से।
सपनों के खून से लथपथ
एक समूची सभ्यता है
जिससे पूछे जाने हैं
ये तमाम सवाल।

Picture of रूपाली सिन्हा

रूपाली सिन्हा

जन्म - गोरखपुर
त्रिलोचन की कविता पर पी एच डी
कविताएँ और लेख विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं और ब्लॉग्स में प्रकाशित
वर्तमान में स्त्री मुक्ति संगठन के साथ जुड़ाव और दिल्ली में अध्यापन करने के साथ स्वतंत्र लेखन
दिल्ली

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!
Scroll to Top